भोटा चौक पर गीत संगीत के माध्यम से जागरूक करते लोक कलाकार। स्रोत : जनसंपर्क विभाग
हमीरपुर। सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय हमीरपुर की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया गया। मंगलवार को हमीरपुर, लंबलू, बस्सी और जाहू में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध सांस्कृतिक दलों के लोक कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया। कलाकारों ने हमीरपुर शहर के भोटा चौक पर स्थित शॉपिंग कांप्लेक्स परिसर और आईटीआई लंबलू में लोगों से यातायात के सभी नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करने तथा वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
उन्होंने नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया। ग्रुप के लोक कलाकारों जीवन कुमार, सोनी गिल, सतीश कुमार, सोनू, मीना कुमारी, गोविंद सिंह, पवन कुमार और नीलम कुमारी ने खूब समां बांधा। उन्होंने वाहन चलाते समय हमेशा सीट बैल्ट या हेलमेट लगाने, शराब पीकर या अन्य नशा करके गाड़ी न चलाने, यातायात के सभी नियमों का पालन करने तथा नियंत्रित एवं निर्धारित गति से ही वाहन चलाने की अपील की।