सुजानपुर में होली मेले के लिए झंड़ा रस्म करते हुए स्थानीय लोग। स्रोत : जागरूक पाठक
सुजानपुर (हमीरपुर)। राष्ट्रीय स्तरीय होली उत्सव की सफलता के लिए मंगलवार को स्थानीय लोगों ने झंडा रस्म निभाई। बस स्टैंड के पास हनुमान मंदिर में झंडा रस्म निभाई गई।
पुवारी परिवार जो वर्षों से इस रस्म को कर रहा है ने लोअर बाजार व प्रदीप शास्त्री, मनु महाजन ने अपर बाजार में इस परंपरा को निभाया। ढोल नगाड़ों के साथ पूजा-अर्चना करते हुए मेले के सफल आयोजन का आह्वान किया। पुरानी परंपरा के अनुसार होली उत्सव से पूर्व अष्टमी पर्व पर महाराजा संसार चंद के समय से यह परंपरा निभाई जाती है।
अष्टमी के दिन झंडा चढ़ाकर मां दुर्गा से मेले के सफल आयोजन की कामना की जाती है तथा इसी दिन से मेले का शुभारंभ हो जाता है। हालांकि होली उत्सव का शुभारंभ पहली मार्च से होगा तथा सरकारी तौर पर चार मार्च को समापन कर दिया जाएगा, लेकिन रीति रिवाज परंपरा के मुताबिक झंडा रस्म के साथ ही मेले का शुभारंभ माना जाता है।
मेले में लगने वाली दुकानें, झूले लगने लगे हैं। बाजार गुलाल, पिचकारियों से सज गए हैं।