बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में लगी श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : Hamirpur-HP
बड़सर (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में वीरवार को 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। नए दिशा-निर्देशों के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए लगने वाले लंगर तथा सराय को बंद कर दिया गया है। उसके बाद श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है। मंदिर अधिकारी कृष्ण ठाकुर ने बताया कि बुधवार को 5500 से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे तथा वीरवार को 5000 से अधिक श्रद्धालु मंदिर में दर्शनों के लिए पहुंचे।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए लंगर तथा सराय बंद है। चैत्र माह मेलों के शुरू होने से वीरवार तक एक करोड़ 83 लाख का चढ़ावा मंदिर में चढ़ चुका है। 15 मार्च से लेकर 25 मार्च तक श्रद्धालुओं ने चढ़ावे के अलावा सोना, चांदी तथा विदेशी मुद्रा भी मंदिर में चढ़ाई है। बकरों की नीलामी से करीब डेढ़ लाख की आय मंदिर को प्राप्त हुई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि वह मंदिर में आकर सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार माथा टेक सकते हैं।