टिक्करी से ग्वाटा वाया सुंगड़वार बनेगी सड़क। संवाद
भोरंज (हमीरपुर)। लोक निर्माण विभाग भोरंज के तहत टिक्करी से ग्वाटा वाया सुंगड़वार समलोग सड़क का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से दो से तीन दिनों के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पांच किलोमीटर सड़क पर करीब चार करोड़ का बजट खर्च किया जाएगा। समलोग में एक पुल का निर्माण भी किया जाएगा। सड़क सुविधा से ग्वाटा, धिरवीं, समलोग सहित अन्य गांवों के ग्रामीणों को काफी सहूलियत होगी। टिक्करी से ग्वाटा पंचायत स्तर पर सड़क बनी है।
हालांकि इस सड़क का प्रयोग बहुत कम होता है। उबड़-खाबड़ सड़क होने से वाहनों को आने-जाने में दिक्कत होती है। ग्वाटा, सुंगड़वार के लोगों को वाया टिक्कड़, भ्याड़ के माध्यम से भोरंज उपमंडल में पहुंचने के लिए दस किलोमीटर का सफर करना पड़ता था। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग का आभार भी जताया है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग भोरंज के अधिशाषी अभियंता केके भारद्वाज ने बताया कि टिक्करी से ग्वाटा वाया सुंगड़वार सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। जल्द ही इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होने वाली है। उन्होंने बताया कि पांच किलोमीटर सड़क पर चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। समलोग में एक पुल भी बनेगा।