हमीरपुर। ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक हमीरपुर के प्रभारी कर्नल (सेवानिवृत्त) चंद्रशेखर ने भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों से पॉलीक्लीनिक के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि सुविधाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना आवश्यक है। कर्नल (सेवानिवृत्त) चंद्रशेखर ने बताया कि पॉलीक्लीनिक में प्राथमिक उपचार के लिए पांच डॉक्टर, दो डेंटल सर्जन और अन्य स्वास्थ्य कर्मी सेवाएं दे रहे हैं।
लैब में कई तरह के टेस्ट की सुविधा उपलब्ध है, जबकि फीजियोथैरेपी सेंटर में नवीनतम तकनीक की मशीनरी और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि बड़े अस्पताल में उपचार की आवश्यकता होने पर मरीज को पॉलीक्लीनिक से ही रेफर किया जाता है।
इसके बाद मरीज अपनी इच्छा के अनुसार किसी भी इंपैनल्ड अस्पताल में उपचार करवा सकता है। रेफरल की वैधता तीन माह तक रहती है। कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह और हाइपरटेंशन के गंभीर मरीजों के लिए यह अवधि छह माह है।
70 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों को रेफरल की जरूरत नहीं
70 वर्ष से अधिक आयु के मरीज पॉलीक्लीनिक से रेफर हुए बिना सीधे इंपैनल्ड अस्पताल में उपचार करवा सकते हैं। वहीं, एमरजेंसी केस में भी रेफरल जरूरी नहीं है, लेकिन इसकी सूचना 48 घंटे के भीतर पॉलीक्लीनिक को देना अनिवार्य है।