हमीरपुर। टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी (पर्यटन और आतिथ्य) विषय पर चार बैचों की राज्य स्तरीय पांच दिवसीय कार्यशाला सोमवार को एक निजी होटल में शुरू हुई। कार्यशाला का शुभारंभ उच्चत्तर शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक अनिल कुमार कौशल ने किया।
जिला परियोजना अधिकारी मदन लाल बन्याल ने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में शिक्षकों को प्रशिक्षित करना है ताकि स्कूलों में विद्यार्थियों को इस व्यावसायिक विषय को पढ़ने में कोई कठिनाई न हो। कार्यशाला में राज्य नोडल अधिकारी दिनेश स्टेटा और वोकेशनल स्टेट कोऑर्डिनेटर अंजना ठाकुर ने बतौर संसाधन व्यक्ति भाग लिया।
उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा के सौजन्य से चार अक्तूबर तक चार बैचों में इस कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला के जिला समन्वयक पुनीत कुमार ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में मंडी और चंबा जिलों के 56 वोकेशनल प्रशिक्षकों ने भाग लिया। कार्यशाला का समापन 13 सितंबर को होगा। इसमें 12 जिलों के शिक्षकों को अलग-अलग चरणों में प्रशिक्षण देकर विद्यार्थियों को समान शिक्षा प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।