हमीरपुर। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत जिलाभर के 398 प्राथमिक स्कूलों में फाइव-डी कार्यक्रम शुरू होगा। इसके तहत स्कूलों में नौनिहालों का पांच विभिन्न चरणों में विकास किया जाएगा।
फाइव-डी (पांच विकास) कार्यक्रम विशेष तौर पर प्री-प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए शुरू किया गया है, ताकि स्कूल स्तर पर ही विद्यार्थियों को सभी क्षेत्रों में निपुण और कुशल बनाया जा सके। कार्यक्रम के तहत स्कूलों में शिक्षकों की ओर तीन से पांच वर्ष के विद्यार्थियों के लिए सप्ताह भर अलग-अलग विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इसमें शारीरिक विकास, संज्ञानात्मक विकास, रचनात्मक विकास, भाषा विकास, सामाजिक भावानात्मक विकास विषयों पर विद्यार्थियों के कक्षा कक्ष में गतिविधियां और अन्य रोचक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों का चहुंमुखी विकास करना है, ताकि छह वर्ष की आयु में पहली कक्षा में दाखिले के दौरान विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इससे पूर्व में शिक्षा विभाग की ओर से प्राथमिक स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए एनरोलमेंट ड्राइव मिशन शुरू किया गया था।
वहीं, अब दाखिला प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद स्कूलों में फाइव-डी कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है, ताकि निजी स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
कोट
प्राथमिक स्कूलों में फाइव-डी कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए शिक्षकों की ओर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। फाइव कार्यक्रम से नौनिहालों का पंचकोषीय विकास किया जाएगा।
-भवानी सिंह, जिला समन्वयक, प्री-प्राइमरी