भोरंज(हमीरपुर)। मिनी सचिवालय भोरंज में शनिवार को रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम शशिपाल शर्मा की अध्यक्षता में सहायक रिटर्निंग अधिकारियों का प्रथम अभ्यास सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान भोरंज ब्लॉक की 44 पंचायतों में चुनावों के लिए नियुक्त 57 सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया।
एसडीएम शशिपाल शर्मा ने बताया कि पंचायती राज चुनावों का पहला और महत्वपूर्ण चरण उम्मीदवारों की नामांकन प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र दाखिल करने वाले उम्मीदवारों को पूरी जानकारी देने की आवश्यकता है, ताकि चुनावी प्रक्रिया में कोई कमी न रहे और सौहार्दपूर्ण माहौल बने।
इस दौरान जरूरी दस्तावेज जैसे जाति प्रमाणपत्र, शपथ पत्र, अनापत्ति प्रमाणपत्र, जमानत राशि, छंटनी प्रक्रिया, नाम वापिस लेने के साथ मतगणना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
एसडीएम ने यह भी बताया कि मतगणना को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में करवाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार का विवाद न हो। उन्होंने सहायक रिटर्निंग अधिकारियों से आह्वान किया कि वे इस कार्य को पूरी सक्रियता और स्पष्टता से करें।
एसडीएम ने बताया कि दूसरा अभ्यास सत्र छह मई को होगा, जिसमें हर पहलू पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस दौरान पंचायत निरीक्षक राकेश कुमार, उप निरीक्षक मनोज शर्मा और सहायक रिटर्निंग अधिकारी भी उपस्थित रहे।