रंगस (हमीरपुर)। सार्वजनिक और पंचायतों की ओर से निर्मित रास्तों पर अवैध कब्जा, अवरोध या नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ अब तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने इस संबंध में थाना प्रभारी को निर्देश जारी किए हैं।
एसडीएम ने कहा कि विभिन्न ग्राम पंचायतों से सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जे, अवरोध और क्षति पहुंचाने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे कृत्य जनहित के विरुद्ध हैं और आम लोगों के आवागमन के साथ कानून व्यवस्था को भी प्रभावित करते हैं।
उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों द्वारा निर्मित या अन्य सार्वजनिक रास्तों को अवरुद्ध करने अथवा नुकसान पहुंचाने की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए।
साथ ही की गई कार्रवाई की सूचना एसडीएम कार्यालय को भी भेजी जाए। एसडीएम ने बताया कि एक दिन पूर्व विकास खंड की सभी ग्राम पंचायतों के प्रधानों और सचिवों को भी इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें सार्वजनिक रास्तों की निगरानी करने और अवैध कब्जे या अवरोध की सूचना तत्काल प्रशासन और पुलिस को देने के लिए कहा गया है। संवाद