हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थियेटर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। गनीमत यह रही कि समय रहते ही आग पर काबू पा लिया वरना अधिक नुकसान हो सकता था।
बहरहाल इस बारे में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन अनभिज्ञता जता रहा है, लेकिन मंगलवार को हुए इस हादसे ने अस्पताल में एसी और बिजली फिटिंग में लापरवाही को उजागर किया है। मंगलवार को ओटी में जब चिकित्सक, पैरा मेडिकल और अन्य कर्मचारी मौजूद थे तो एयर कंडीशनर के तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इस कारण आग लग गई। गनीमत रही कि कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया। यहां ऑक्सीजन सिलिंडर भी रखे थे। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहान ने आग लगने से अनभिज्ञता जताई है।