समताना मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते भक्त
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। प्राचीन शिवपुरी धाम समताना में बुधवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मौका था गुरु पूर्णिमा महोत्सव का। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विशेष पूजन कर गुरु का आशीर्वाद लिया। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के धार्मिक कार्यक्रमों का श्रीगणेश सुबह 7:00 से 8:00 बजे तक मुख्य पूजा के साथ हुआ। षोडशोपचार पूजा में श्रद्धालुओं ने 16 प्रकार की वस्तुओं से धाम के आध्यात्मिक गुरु शेखर सुमन का पूजन, दूध-जल से अभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
भक्तों पर प्रवचनों की अमृतवर्षा करते हुए आध्यात्मिक गुरु शेखर सुमन ने श्रद्धालुओं से सद्मार्ग पर चलने का आह्वान किया। राजा हरीश चंद्र की कथा सुनाते हुए कहा कि सुख और दुख भगवान की देन नहीं, हमारे कर्मों का फल है। मनुष्य हमेशा सद्कर्मों से जुड़ा रहकर ही जीवन-मरण के बंधन से मुक्त होकर मोक्ष को प्राप्त कर सकता है। गुरु शेखर सुमन ने गुरु-शिष्य के संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु मार्गदर्शक होता है। वह भगवान से जुड्ने और सद्कर्मों पर चलने का रास्ता बताता है। महोत्सव के समापन पर श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। समताना की महामृत्युंजय संस्था की ओर से शिवपुरी धाम मंदिर में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव में हिमाचल ही नहीं बाहरी राज्यों से भी श्रद्धालुओं ने भाग लिया।