ग्राम पंचायत चमनेड के वार्ड नंबर दो में लगी आग।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। ग्राम पंचायत चमनेड़ के वार्ड नंबर दो में बुधवार को अग्निकांड में हजारों की वन संपदा और गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। जंगल और घासनियों में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। स्थानीय लोगों ने जब आग को देखा तो इसे बुझाने में जुट गए। लेकिन हवा के साथ आग और प्रबल होती गई। आग की लपटें जमीन से 20 मीटर ऊपर तक उठ रही थीं। विधि चंद और मूलराज के मकान को इस आग से खतरा पैदा हो गया। लोगों ने घरों से बाल्टी और अन्य बर्तनों में पानी भर कर आग को बुझाने की कोशिश की।
दमकल विभाग को भी आग की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मचारियों ने भी ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की सूझबूूूझ और तत्परता से रिहायशी इलाके में आग को पहुंचने से रोका। स्टेशन फायर ऑफिसर राजेंद्र चौधरी ने कहा कि मौके पर दमकल वाहन भेजा गया। वहीं, ग्रामीणों बंकू राम, रवि कुमार ने कहा कि उनकी फसल भी जल गई है।