नारा रटेडा में पशुशाला में लगी आग
- फोटो : Hamirpur-HP
गलोड़ (नादौन)। उपमंडल नादौन के गलोड़ क्षेत्र के अंतर्गत नारा पंचायत के रटेड़ा गांव में रविवार को शाम तीन बजे के करीब विजय कुमार पुत्र राम कृष्ण के घर शहनाइयां गूंजने से पहले ही आगजनी की वजह से अफरातफरी मच गई। परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था और रिश्तेदारों व गांववासियों के लिए धाम तैयार हो रही थी। जिस जगह धाम बनाई जा रही थी उसके साथ ही पशुशाला थी। अचानक आग की चिंगारी उस पशुशाला में रखी सूखी घास में जा लगी कुछ ही समय बाद सूखी घास में आग लग गई और पशुशाला राख हो गई। सूखी घास में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में एक लाख के करीब इमारती लकड़ी घास व अन्य सामान को जलाकर राख कर दिया।
कुछ देर बाद लोगों व रिश्तेदारों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। आगजनी की अचानक इस घटना से परिवार जो कुछ मिनट पहले खुशियां मना रहा था, अचानक गम में डूब गया। हालांकि, लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाया व शादी समारोह की आगामी रस्मों को किया गया। पंचायत प्रधान नारा महेंद्र सिंह ने सरकार व जिला प्रशासन से शीघ्र पीड़ित परिवार की मदद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्गीय परिवार को अचानक त्रासदी से जूझना पड़ा है। गलोड़ तहसीलदार मीना ठाकुर ने कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित पटवारी मनजीत सिंह को मौके पर भेज दिया गया। आगजनी में हुए नुकसान का आकलन करने के भी आदेश दिए गए हैं। परिवार की यथासंभव नियमों के अनुसार मदद की जाएगी