दो वर्ष पूर्व ही भोरंज में स्थापित किया गया है कार्यालय
अभी तक नहीं मिल पाया अपना भवन, हो रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज में अग्निशमन विभाग को दो वर्ष बाद भी अपना कार्यालय नहीं मिल पाया है। भोरंज में दो वर्ष पूर्व विभाग का कार्यालय स्थापित हुआ था लेकिन विभाग अभी तक अपने लिए जमीन नहीं ढूंढ पाया। करीब तीन वर्ष पहले भकरेड़ी के पास विभाग के लिए जमीन का प्रस्ताव भेजा गया था लेकिन विभाग वहां पर जमीन अपने नाम नहीं करवा पाया और यह जमीन अन्य विभाग के नाम चली गई। अब विभाग घुमारली के पास जमीन देख रहा है।
दो वर्ष पूर्व यहां अग्निशमन विभाग भी नहीं था। आग लगने की सूरत में हमीरपुर से विभाग की गाड़ी आती थी। वर्तमान में किराये के भवन में यह कार्यालय चल रहा है। इस बारे में भोरंज फायर स्टेशन के इंचार्ज वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि विभाग घुमारली के पास जमीन देख रहा है। चुनाव के बाद जमीन का प्रस्ताव तैयार कर इसे विभाग के नाम करवाया जाएगा।