हमीरपुर। दीपावली पर्व को लेकर अग्निशमन विभाग अपनी ओर से पूरी तरह से मुस्तैदी का दावा कर रहा है। अग्निशमन विभाग की मानें तो दिवाली पर 32 कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे और सभी की छुट्टियों को भी रद्द कर दिया गया है।
दिवाली पर आग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विभाग के पास आठ बड़ी, चार छोटी गाड़ियों के साथ ही एक मोटरसाइकिल उपलब्ध है, जो आग लगने की घटना की सूचना मिलने पर उसे नियंत्रण करने में अहम भूमिका निभा सकता है। अग्निशमन विभाग के पास मुख्य चुनौती बाजार में दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण है। हालांकि अग्निशमन विभाग छोटी गाड़ियों के माध्यम से ऐसे स्थानों पर आग की घटनाओं पर अकुंश लगाने का दावा कर रहा है।
शहर में जनसंख्या व क्षेत्र को देखते हुए करीब 80 से अधिक हाईड्रेंट्स की आवश्यकता है, लेकिन अग्निशमन विभाग की ओर से मात्र सात ही हाईड्रेंट स्थापित किए गए हैं। ऐसे में इन सात हाईड्रेंट पर ही पूरे शहर की जिम्मेवारी है। यह सात हाईड्रेंट इन 80 हाईड्रेंट की कमी को पूरा कर रहे हैं। हालांकि इनमें 24 घंटे पानी की सप्लाई रहती है, लेकिन आपात स्थिति में हाईड्रेंट्स की कमी अग्निशमन विभाग की मुसीबतें बढ़ा सकती है।
गौर हो कि अग्निशमन विभाग के पास मौजूद गाड़ियों में दो गाड़ियों की क्षमता दस-दस हजार लीटर तथा छह गाड़ियों की क्षमता चार-चार हजार लीटर है। इसके साथ ही इन गाड़ियों पर फोम की सुविधा भी उपलब्ध है। अगर कहीं फोम की आवश्यकता होती है, तो विभाग को अधिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बता दें कि शार्ट-सर्किट होने से लगी आग को काबू पाने के लिए फोम महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अधिकारियों की मानें तो पिछले तीन वर्षों में हमीरपुर क्षेत्र में दीपावली के समय किसी प्रकार की आगजनी की घटना नहीं हुई है।
कोट:
अग्निशमन विभाग ने दीपावली के पर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी कर्मचारियों की छुट्टियों को रद्द कर दिया गया है। सभी कर्मचारी शिफ्ट में 24 घंटे तैनात रहेंगे। अगर कहीं कोई घटना पेश आती है, तो अग्निशमन विभाग तुरंत मौके पर पहुंच सकेगा।
- अशोक शर्मा, फायर ऑफिसर, अग्निशमन विभाग हमीरपुर
सब्जी मंडी हमीरपुर के साथ लगती तंग गली। संवाद