हमीरपुर सुजानपुर रोड़ पर डोली में फर्नीचर हाउस की तीसरी मंजिल पर लगी आग। संवाद
हमीरपुर-सुजानपुर मुख्य मार्ग पर डोली गांव की घटना, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
आग बुझाने के लिए हमीरपुर से भी बुलाना पड़ा दमकल वाहन, आग लगने के कारणों का पता नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। हमीरपुर-सुजानपुर मुख्य मार्ग पर डोली गांव में सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे तीन मंजिला फर्नीचर हाउस की ऊपरी मंजिल में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी। सूचना मिलते ही उपमंडल अधिकारी नागरिक विकास शुक्ला, पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
फर्नीचर का सामान होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। आग पर काबू पाने के लिए हमीरपुर से भी दमकल वाहन बुलाया गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
फर्नीचर हाउस के मालिक मोहम्मद साबिर खान निवासी वार्ड नंबर छह ने बताया कि आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
घटना के दौरान मुख्य मार्ग पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और लोगों को घटनास्थल से दूर रखा। विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है विभागीय टीम ने आग पर काबू पा लिया है। - राजेश कुमार, प्रभारी, दमकल विभाग सुजानपुर