सुजानपुर की पनोह पंचायत के मकान में लगी आग।
- फोटो : Hamirpur-HP
सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल की ग्राम पंचायत पनोह के जयाड़ गांव में शनिवार देर रात एक दो मंजिला मकान में आग लग गई। इस अग्निकांड में मकान की पहली मंजिल पूरी तरह जलकर राख हो गई। जबकि धरातल तल को जलने से बचा लिया गया। आग इतनी तेजी से फैली कि पहली मंजिल के तीनों कमरे बुरी तरह जल गए और इनमें रखा सामान भी राख हो गया। आग से लगभग छह लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
ग्राम पंचायत प्रधान अनिल शर्मा ने बताया कि रात को लगभग 11 बजे मकान को अचानक आग लग गई। जिस पर सुजानपुर से फायर ब्रिगेड की गाड़ी को बुलाया गया। आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने भी आग को बुझाने की पुरजोर कोशिश की। बाद में फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
आशंका जताई गई है कि आग पहली मंजिल पर बने किचन से भड़की तथा देखते ही देखते पूरे मकान में फैल गई। कोई जानी नुकसान नहीं पहुंचा। जबकि, पहली मंजिल का सारा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। इसके साथ वहां रखे सोने चांदी के जेवर, जरूरी कागजात, कपड़े, डबल बेड तथा अन्य सामान भी राख हो गया।
गनीमत रही कि मकान में लगी आग आसपास के मकानों में नहीं फैली नहीं तो और नुकसान हो सकता था। पंचायत प्रधान अनिल ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को अधिक से अधिक सहायता राशि देने की मांग की है। उधर, सुजानपुर के तहसीलदार सुरेश कुमार ने बताया कि कानूनगो और पटवारी को मौके पर भेजा गया है तथा तत्काल रूप से 5000 रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। नुकसान का आकलन करने के बाद और मदद की जाएगी।