आग लगने से लाखों रुपये का सामान जल कर राख
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन में नादौन ज्वालामुखी मार्ग पर स्थानीय लेबर चौक में स्थित एक किराना की दुकान पर वीरवार तड़के आग लग जाने से लाखों रुपये का सामान जल कर राख हो गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
दुकान के मालिक अश्वनी कपिल ने कहा कि सुबह के समय उन्हें एक पड़ोसी दुकानदार ने कहा कि उनकी दुकान के अंदर से धुआं उठ रहा है और भीतर आग लगी है। परिजनों सहित जब वे दुकान पर पहुंचे तो शटर खोल कर देखा कि दुकान के पीछे वाले कोने में आग लगी है।
पड़ोसी के घर में स्थित कुएं से पाइप लगाकर स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाई। उन्होंने कहा कि आग लगने से काफी सामान जल कर राख हो गया है, जबकि उसके पास रखा अन्य सामान भी खराब हो गया है। इसके साथ ही दुकान की सीलिंग, फिटिंग, पंखे, सीसीटीवी कैमरा, वायरिंग, एलईडी सहित अन्य सामान जल कर राख हो गया है। वहीं, थाना प्रभारी बाबू राम ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।