संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सदर थाना क्षेत्र के शिव मंदिर अणु के समीप किराये के कमरे में रह रही 19 वर्षीय छात्रा कंचन कुमारी का शव बुधवार को फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
कंचन कुमारी मूल रूप से सुजानपुर उपमंडल के प्लाही गांव की रहने वाली थी। उसके पिता देशराज एचआरटीसी में चालक हैं। देशराज कुछ दिन किराये के कमरे में बेटी के साथ रहते थे, जबकि कुछ दिन प्लाही गांव में रहते थे।
मंगलवार को वह प्लाही गए थे। बुधवार सुबह देशराज सुजानपुर से हमीरपुर के लिए 6:20 बजे वाली बस में आए थे। इसी दौरान उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली।
कंचन बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं और खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रहती थी। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब दो महीने से कॉलेज नहीं जा रही थी। कॉलेज में नियमित रूप से उपस्थित नहीं होने के कारण उसका फिजिकल एजुकेशन और हिस्ट्री विषय से नाम कट चुका था।
बताया जा रहा है कि कंचन को एक विषय में कंपार्टमेंट भी आई थी। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पढ़ाई को लेकर वह तनाव में रही हो सकती थीं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।