हमीरपुर। जिले के नादौन शिक्षा खंड में कार्यरत महिला अंशकालीन जलवाहक को नियमितिकरण की सूचना डेढ़ साल बाद देने के मामले में नोटिस के बाद भी बीईईओ नादौन की ओर जवाब नहीं दिया गया है। बीईईओ अब सेवानिवृत्त हो गई हैं। 20 नवंबर 2023 को उच्च शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर की तरफ से संबंधित बीईईओ नादौन से इस संदर्भ में जवाब तलब किया गया था। 30 मई 2022 को शिक्षा खंड नादौन के तहत अंशकालीन जलवाहक महिला कर्मचारी को सात वर्ष की सेवाओं के बाद नियमित करने के आदेश विभाग की ओर से जारी किए गए थे। लेेकिन, बीईईओ कार्यालय नादौन की ओर से महिला को इसकी सूचना नहीं दी गई। डेढ़ साल तक महिला इंतजार करती रही। इसके बाद उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में इसकी शिकायत दी।
शिकायत मिलने पर 20 नवंबर 2023 को उपनिदेशक उच्च शिक्षा हमीरपुर की ओर से बीईईओ को नोटिस जारी किया गया। नोटिस जारी किए जाने के कुछ दिन बाद महिला कर्मचारी सेवानिवृत्त हो गईं लेकिन नोटिस का जवाब विभाग को नहीं मिला। अब सेवानिवृत्त महिला अधिकारी को विभाग के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए गए है लेकिन अभी तक इस सूचना का कोई जवाब नहीं दिया गया है। कायदे से यदि इस मामले में अधिकारी और अन्य कर्मचारियों की कोताही पाई जाती है तो अंशकालीन जलवाहक महिला को हुए वित्तीय नुकसान की रिकवरी उनसे की जाएगी।
उपनिदेशक उच्च शिक्षा हमीरपुर अनिल कौशल ने कहा कि महिला अधिकारी सेवानिवृत्त हो गई हैं। उन्हें विभाग के कार्यालय में पेश हाेने के आदेश जारी किए गए हैं। मामले में नियमों के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी।