लोक निर्माण विभाग और वन विभाग को अवगत करवाने के बाद भी नहीं हुआ समस्या का हल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। दियोदसिद्ध सड़क पर खुरपड़ी चौक के पास दो चील के पेड़ लंबे समय से हादसों को निमंत्रण दे रहे हैं। यह पेड़ केबल के तार पर अटके हुए हैं। अगर यह केबल टूटती है तो ये पेड़ सड़क पर गिरकर हादसे का सबब बन सकते हैं।
ये दोनों पेड़ सड़क के किनारे सटे हुए हैं। इस सड़क पर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में पेड़ गिरने से किसी की जान भी जा सकती है। लोगों का कहना है कि इस समस्या के बारे में लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को भी अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन आज तक इस समस्या के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए हैं।
वहीं, वाहन चालकों रविंद्र कुमार, संजय कुमार, विजय कुमार, पवन कुमार आदि ने बताया कि बरसात के शुरू में यह पेड़ उखड़ गए हैं तथा इसके बाद यह इन केबल पर अटक गए हैं। भारी भरकम पेड़ कभी भी केबल तारों का सहारा छोड़ सकते हैं। लोगों का कहना है कि वन विभाग व लोक निर्माण विभाग की यह लापरवाही किसी पर भी भारी पड़ सकती है।
लोगों ने कहा कि विभागीय अधिकारी धरातल पर समस्या का समाधान करने में अधिक रूचि नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर यहां पर कोई बड़ा हादसा पेश आता है तो उसकी जिम्मेवारी वन विभाग व लोक निर्माण विभगा के अधिकारियों की होगी।
वहीं, लोगों का कहना है कि बिझड़ी-दियोटसिद्ध सड़क पर श्रद्धालु भी बाबा बालक नाथ की नगरी पहुंचते हैं। वहीं, वनरक्षक कपिल शर्मा का कहना है कि जानकारी मिली है तथा पेड़ों का निरीक्षण करने के बाद जल्द इन्हें हटाया जाएगा।