बानखड़ में पेड़ों से छू रहे बिजली के तार। संवाद
गलोड़ (हमीरपुर)। बिजली सब स्टेशन गलोड़ के तहत आने वाले बिजली के तार पेड़ों को छू रहे हैं। लहड़ा, हटली, बानखड़, नारा आदि स्थानों में बिजली के तार चारा पत्ती वाले पेड़ों से होकर गुजर रहे हैं। इस कारण हादसों का खतरा बना हुआ है।
हल्की सी बारिश के कारण बिजली बाधित हो जाती है। इससे दिन में तीन से चार बार बिजली के कट लग रहे हैं, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।स्थानीय लोगों में विजय कुमार, पूजा कुमारी, मीनू शर्मा, शिल्पी ने बताया कि कई जगह तार पेड़ों में उलझे हैं। इससे पशुओं को चारा लेने में दिक्कतें आती हैं।
बारिश का मौसम चल रहा है। करंट लगने का खतरा बना हुआ है। समय पर पेड़ों की टहनियों की काट-छांट नहीं होने के कारण समस्या बनी हुई है। हर साल बिजली बोर्ड की ओर से पेड़ों की टहनियों की काट-छांट करवा दी जाती थी। बरसात खत्म होने की कगार पर है। इस साल अभी तक काट-छांट की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। उन्होंने बिजली बोर्ड से आग्रह किया है कि पेड़ों की जल्द से जल्द काट-छांट करवाई जाए।
इस संबंध में बिजली बोर्ड गलोड़ के सहायक अभियंता शिवम डोगरा ने बताया कि पेड़ों की टहनियों की काट-छांट लगातार होती है। बरसात के मौसम में पेड़ पौधों की ग्रोथ जल्दी होती है। इस कारण पेड़ों की टहनियां तार को छू रही हैं। उन्होंने बताया कि मौसम के ठीक होते ही टहनियों की काट-छांट करवा दी जाएगी।
बानखड़ में पेड़ों से छू रहे बिजली के तार। संवाद