बड़सर(हमीरपुर)। बिजली सब-स्टेशन कोटला की मुख्य लाइन 132 केवी के ट्रांसफार्मर में अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण वीरवार सुबह 7:30 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के चलते ढटवाल क्षेत्र के 12 गांवों में बिजली सप्लाई बंद होने से लोगों को इस ठंड में परेशान होना पड़ा। ढटवाल क्षेत्र के अधिकतर गांवों में बिजली आपूर्ति सब-स्टेशन कोटला से ही होती है, लेकिन अचानक ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी के कारण लोगों को कई घंटों तक परेशान होना पड़ा।
बिजली बोर्ड ने ऊना जिले से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया है। वहीं, 132 केवी ट्रांसफर में आई तकनीकी खराबी को सही करने में टीम जुटी हुई है। सहायक अभियंता बिजली बोर्ड कोटला यशन भारद्वाज ने कहा कि 132 केवी ट्रांसफार्मर में सुबह तकनीकी खराबी आने के कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अचानक बंद हो गई थी, लेकिन फाल्ट को ढूंढ कर शीघ्र ही बिजली सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।