हमीरपुर। जिले के किसानों को जल्द ही 50 फीसदी अनुदान पर सब्जियों के बीज मिलना शुरू हो जाएंगे। बीते दिन कृषि विभाग के पास विभिन्न सब्जियों के बीजों की खेप पहुंच गई है।
कृषि विभाग ने इन बीजों की कृषि विक्रय केंद्रों को सप्लाई शुरू कर दी है। एक से दो दिन के भीतर किसान इन्हें नजदीकी कृषि विक्रय केंद्रों से प्राप्त कर सकेंगे। सब्जियों के बीजों पर करीब 50 फीसदी अनुदान तय किया गया है।
प्याज का करीब 290 किलोग्राम बीज मिला है। प्याज के बीज की कीमत 920 रुपये प्रतिकिलो है। किसान को यह बीज 50 फीसदी अनुदान पर मिलेगा। अनुदान के बाद प्याज के बीज की कीमत 460 रुपये प्रति किलो रह जाएगी। इसी तरह मेथी का 120 किलोग्राम बीच आया है।
वहीं, मेथी के बीज की कीमत 110 रुपये प्रति किलो है। अनुदान के बाद किसानों को यह 55 रुपये प्रतिकिलो की दर पर मिलेगा। गाजर का बीज करीब दो किलो 20 ग्राम प्राप्त हुआ है। 50 फीसदी अनुदान के बाद यह 730 रुपये प्रति किलो मिलेगा।
इसके अलावा धनिया का करीब 620 किलो बीज आया है। अनुदान के बाद धनिया के बीज की कीमत 160 रुपये प्रतिकिलो होगी। इससे पहले गेहूं सहित बरसीम का बीज भी मिल चुका है। कृषि विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक डॉ. शशिपाल अत्री ने बताया कि सब्जियों के बीजों को कृषि विक्रय केंद्रों में भेजा जा रहा है। किसानों को उच्च गुणवत्ता के बीज कम कीमतों पर मिल रहे हैं।