बस्सी बाजार पानी की निकासी की पाइन डालने को किसानों ने रोका।
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के बस्सी-भोरंज चौक पर पानी की निकासी के लिए डाले जा रहे पाइप को सम्मू और भोटी के किसानों ने रोक दिया है। इससे खोदाई करके पाइप डालने का कार्य बंद हो गया और विवाद उत्पन्न हो गया है। जाहू से हमीरपुर वाया बस्सी सड़क पर बस्सी चौक से पानी की निकासी के लिए लोक निर्माण विभाग ने खोदाई का कार्य शुरू किया था। यह पाइप लाइन स्थानीय पेट्रोल पंप तक डाली जानी थी। इसके साथ ही सम्मू व भोटी के किसानों के खेत लगते हैं।
ऐसे में किसानों ने पाइप के खोदाई के कार्य को बंद करवा दिया है। किसानों का कहना है कि इससे पहले लोक निर्माण विभाग को बंद किए कलवर्ट को खोलना होगा। इस विवाद से पाइप डालने का कार्य लोक निर्माण विभाग ने बंद कर दिया है। किसान बंद कलवर्ट को खुलवाने पर अड़े हुए हैं। इससे पहले नालियों के निर्माण पर भरेड़ी में भी विवाद हो चुका है, जिसे बाद में विभाग ने हल करवा लिया। अब बस्सी में इसे लेकर विवाद हो गया है। एसडीएम भोरंज संजय स्वरूप ने कहा कि पाइप डालने के कार्य को बंद कर दिया है। इसका हल जल्द बैठक करके कर लिया जाएगा।