हमीरपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से वित्त वर्ष 2022-23 के रबी सीजन में 23,112 किसानों को 159.29 लाख रुपये प्रदान किए हैं। इससे गेहूं की फसल को हुए नुकसान की किसानों को भरपाई हो पाई है। यह लाभ कृषि आधारित ऋणधारक और रबी फसल का बीमा करवाने वाले किसानों को प्रदान किया गया है। जिले में छह विकास खंडों में 7,365 हेक्टेयर भूमि का ही किसानों ने बीमा करवाया था। कम बीमित क्षेत्र होने पर भी किसानों को नुकसान की भरपाई कंपनी की ओर से की जा रही है।
22,917 किसानों ने कृषि आधारित ऋण प्राप्त किया हुआ है। इनकी फसल का बीमा कंपनी की ओर से पहले ही कर दिया गया है। जबकि, 195 किसानों ने ऋण नहीं लिया है। इन्होंने खुद बीमा करवाकर अपनी फसल का जोखिम खतरा कम करवाया था। बीमा कंपनी की ओर से इन किसानों को अपनी फसल का दावा पेश करने पर यह भरपाई करवाई गई है। कंपनी बीमित किसानों को दावा पेश करने पर लाभ प्रदान करने के लिए कुछ गांवों की खेती को आधार बनाती है और उसके आधार पर ही किसानों को बीमित क्षेत्रफल का नुकसान होने पर भुगतान किया गया है। कंपनी ने इसके लिए जिला हमीरपुर के साठ किसानों के खेतों में हुए नुकसान को आधार बनाया था और उसमें से केवल 18 गांवों में फसलों को हुए नुकसान को आधार बनाकर क्लेम जारी किया था। किसान फसलों का बीमा करवाकर सूखा और आपदा आने पर फसल को होने वाली नुकसान के जोखिम को कम कर सकते हैं।
बाक्स
जिला कृषि विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक सुरेश कुमार धीमान ने बताया कि जिला हमीरपुर के 23,112 किसानों ने 7,365 हेक्टेयर क्षेत्रफल की फसलों का बीमा करवाकर 159.29 लाख रुपये का क्लेम प्राप्त किया है। इससे उनके नुकसान की भरपाई की गई।