हमीरपुर। प्रदेश भर में किसानों को इफ्को 12:32:16 खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है। किसानों को जितनी मात्रा में इस खाद की आवश्यकता है, उतनी नहीं मिल पा रही। इससे किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इफ्को खाद के इस्तेमाल से फसलों की पैदावार बढ़ती है तथा पोषक तत्वों की गुणवत्ता में सुधार होता है। इसलिए इस खाद की मांग किसान अधिक करते हैं। पर्याप्त मात्रा में खाद न मिलने के कारण किसानों को थोड़ी खाद से ही गुजारा करना पड़ रहा है।
किसानों रमेश, सुरेश, रवि, संजय, सुखदेव आदि ने कहा कि उचित मूल्यों की दुकानों पर जाने पर बताया जा रहा है कि अभी खाद की आपूर्ति नहीं आई है। गेहूं की बिजाई का कार्य जोरों पर है। ऐसे में समय पर इफ्को खाद न मिलने से परेशानी हो रही है। पिछले माह प्रदेश भर के लिए 2,600 टन इफ्को खाद की आपूर्ति की गई। जबकि, दो दिन पूर्व प्रदेश भर के किसानों के लिए 3,895 टन इफ्को खाद पहुंची है। लेकिन, प्रदेश में इसकी मांग इससे भी अधिक होती है। महज जिला ऊना व हमीरपुर में ही इस खाद की 1,800 टन के करीब मांग है, लेकिन अभी तक 700 टन तक की आपूर्ति किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही है।
वहीं, इफ्को खाद की एक बोरी पर 1,900 रुपये अनुदान उपलब्ध करवाया जा रहा है, जबकि सेल रेट 1,420 रुपये है। एक बैग में 50 किलोग्राम इफ्को खाद आती है। इस बारे में इफ्को के प्रदेश मार्केट हेड डॉ. भुवनेश पठानिया ने कहा कि खाद की सप्लाई आ चुकी है और हर जिले में किसानों को यह खाद उपलब्ध करवाई जा रही है।