कृषि विक्रय केंद्र हमीरपुर में पहुंचे टप। संवाद
- फोटो : samvad
हमीरपुर। कृषि विभाग की ओर से किसानों को 500 रुपये अनुदान पर टप उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। विभाग के पास करीब 439 टप की खेप पहुंची है। इसे जिला के कृषि विक्रय केंद्रों में भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
किसान इन्हें नजदीकी कृषि विक्रय केंद्रों से प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि टप की कीमत 1050 रुपये है। किसानों को एक टप 550 रुपये में मिल रहा है। अगले महीने कृषि विक्रय केंद्रों में किसानों को आलू का बीज भी उपलब्ध होगा। किसानों को कृषि विभाग की ओर से हर वर्ष अनुदान पर बीज सहित अन्य सामान उपलब्ध करवाया जाता है।
गत दिनों ही विभाग ने प्याज, धनिया, गेंहू, बरसीम, मेथी आदि के बीज उपलब्ध करवाए थे। कई किसानों ने इन बीजों को खरीदा है। बीजों के बाद अब टप भी किसानों को मिलना शुरू हो गए हैं। कृषि विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक डॉ. शशिपाल अत्री ने बताया कि विभाग को करीब 439 टप मिले हैं। टप अनुदान पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
किसान आसानी से इन्हें प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से अनुदान और बेहतर गुणवत्ता के उत्पाद उपलब्ध करवाए जाते हैं। किसानों के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनका लाभ किसानों को लेना चाहिए।