नए करंसी नोट पहुंचने से जिले के शहरी बैंक मालामाल हो गए लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकतर बैंकों में दूसरे दिन भी नए करेंसी नोट नहीं पहुंचे। ग्रामीण बैंकों में पुराने नोट एक्सचेंज न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गांव में न तो पुराने नोट एक्सचेंज हुए, न एटीएम से कैश निकला।
शुक्रवार को बैंकों में पुरानी करेंसी जमा करवाने का ग्राफ सात गुना अधिक पहुंच गया है। जिन बैंक शाखाओं में रूटीन में 60-70 हजार रुपये जमा होते थे, वहां शुक्रवार को साढ़े सात करोड़ से दस करोड़ के बीच कैश जमा हुआ। जिला मुख्यालय के एसबीआई, एसबीओपी, पीएनबी, कैनरा, यूको और ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में कुल 70 से 80 करोड़ रुपये जमा हुए। वीरवार को यह आंकड़ा केवल 25 से 30 करोड़ के बीच रहा।
जिला मुख्यालय के प्रत्येक बैंक में 15 से 22 लाख नए करेंसी नोट को पुराने के साथ एक्सचेंज किया गया। साढ़े चार लाख आबादी वाले हमीरपुर में ग्राहकों के लिए बैंकों के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। जिले में नाममात्र के एटीएम काम कर रहे हैं।
वीरवार आधी रात को बारह बजे बैंक प्रबंधकों ने एटीएम में कैश डालना था। यह खबर सुनकर ग्राहक सुबह पांच बजे ही बैंक एटीएम पर पहुंच गए। हालांकि जिला मुख्यालय पर केवल एसबीआई का रावमापा स्कूल ग्राउंड के साथ एकमात्र एटीएम चला। सुबह 11 बजे यहां भी कैश खत्म हो गया।
इसके बाद बैंक को सूचना देने के बाद कैश डाला गया। एटीएम से केवल 100-100 रुपये के हमीरपुर में नोट ही निकले। दोपहर बाद तक कुछ अन्य बैंकों के एटीएम भी चले लेकिन कैश खत्म होने और लंबी-लंबी कतारें लगने से ग्राहकों को परेशानी हुई।
भोटा के दोनों एटीएम बंद
कस्बे में दो दिन से एटीएम बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे में मात्र दो ही एटीएम हैं जो दो दिन से बंद पड़े हैं। लोगों ने एटीएम को जल्द चालू करने की मांग की है। पीएनबी के मैनेजर जीएस कौंडल ने कहा कि पुरानी एटीएम खराब हो गई है। नई मशीन आ गई है, जल्द ही मशीन कस्बे में लगाई जाएगी।
लोगों की सुविधा के लिए कांगू में शुरू किया एटीएम
भारतीय स्टेट बैंक शाखा कांगू में दूसरे दिन शुक्रवार को भी 500 और हजार के नोट बदलवाने और पुराने नोटों को जमा करवाने के लिए दिनभर भीड़ लगी रही। लोगों की सुविधा के लिए बैंक शाखा कांगू ने एटीएम सुविधा शुरू कर दी है। इसके चलते पैसे निकालने के लिए एटीएम के बाहर भी भीड़ लगी रही। शाखा प्रबंधक एसके जरियाल ने बताया कि नोट बदलने की प्रक्रिया सुचारु ढंग से चलाई जा रही है। उन्होंने लोगों से सहयोग देने की अपील की है।