हमीरपुर। जिलेभर के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में बरसात की छुट्टियों से पहले एफए-टू (फॉर्मेटिव असेसमेंट-2) परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी विद्यालय प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
एफए-टू परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अब तक पढ़ाए गए पाठ्यक्रम का मूल्यांकन किया जाएगा। परीक्षा परिणामों के आधार पर शिक्षक यह समझ सकेंगे कि विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों को कितना आत्मसात किया है और किन विषयों में उन्हें अतिरिक्त मार्गदर्शन की आवश्यकता है।
फॉर्मेटिव असेसमेंट का उद्देश्य केवल अंक प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया का आकलन कर उसमें सुधार करना है। इसी कारण इसे नियमित शिक्षण प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। इन परीक्षाओं से शिक्षकों को उन विद्यार्थियों की पहचान करने में भी सहायता मिलती है, जिन्हें विशेष शैक्षणिक सहयोग की जरूरत है।
गौरतलब है कि मई में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की एफए-1 परीक्षाएं आयोजित की जा चुकी हैं। उनके परिणामों के विश्लेषण के बाद अब एफए-2 की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
एफए-1 और एफए-2 के परिणामों की तुलना से विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में हुए सुधार का आकलन किया जा सकेगा। साथ ही, विद्यालय स्तर पर आगे की शैक्षणिक रणनीति तय करने में भी यह उपयोगी साबित होगा।
कोट
स्कूल प्रमुखों को परीक्षाओं के संदर्भ में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए कार्य किया जा रहा है।
-कमल किशोर भारती, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग, हमीरपुर