स्वास्थ्य विभाग नादौन की टीम ने आयोजित किया जागरूकता शिविर
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन(हमीरपुर)। स्वास्थ्य विभाग नादौन की टीम ने शनिवार को संयुक्त कार्यालय नादौन में जागरूकता शिविर आयोजित किया। इसकी अध्यक्षता खंड स्वास्थ्य अधिकारी नादौन डॉ. राजेश भारद्वाज ने की।
शिविर में अध्यापकों को स्कूलों में बच्चों को हर बुधवार दी जाने वाली आयरन की गोली के महत्व और इसके सही सेवन की जानकारी दी गई। डॉ. राजेश भारद्वाज ने कहा कि बच्चों, विशेषकर किशोरियों में खून की कमी दूर करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने अध्यापकों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की। विभाग के डॉ. अमृतांश ने बताया कि बच्चों को आयरन की गोली दोपहर के भोजन के बाद देनी चाहिए। इसे चाय या दूध के साथ नहीं देना चाहिए।
उन्होंने खून की कमी दूर करने के लिए पालक, गुड़, मसूर की दाल, आंवला और विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लोहे के बर्तन में पकाया गया भोजन भी लाभकारी होता है।
इस मौके पर अधीक्षक नरेंद्र कुमार, खंड कार्यक्रम प्रबंधक हर्ष शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।