मट्टनसिद्ध और डुग्घा खुर्द में जागरुकता शिविर के दौरान उपस्थित प्रतिभागी एवं आयोजक। संवाद।
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला हमीरपुर में वीरवार को विश्व स्तनपान सप्ताह शुरू हो गया। यह सप्ताह सात अगस्त तक मनाया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग इस सप्ताह को मना रहा है तथा विभिन्न जगहों पर कैंप और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विश्व स्तनपान सप्ताह 2024 का विषय भारत में सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों के मातृत्व अस्पतालों में जन्म देने वाली सभी महिलाओं के लिए स्तनपान सहायता करना है। इस दौरान विशेष रूप से पहले छह महीनों के दौरान स्तनपान कराने वाली माताओं का समर्थन करना, 0-6 महीने के बच्चों में विशेष स्तनपान के कवरेज में सुधार करने और एक प्राकृतिक परिणाम के रूप में शिशुओं के स्वास्थ्य में सुधार के लिए कार्य होगा। स्तनपान में मौजूदा अंतर को कम करने के लिए परिवारों और समुदायों को जागरूक किया जाएगा। पहले दिन वीरवार महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र मट्टनसिद्ध और आंगनबाड़ी केंद्र डुग्घा खुर्द में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला मिशन समन्वयक ने चल रही विभिन्न स्कीमों के बारे में जानकारी दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी टौणी देवी कुलदीप चौहान ने महिलाओं को स्तनपान के बारे में जागरूक किया और स्तनपान से होने वाले लाभों के बारे में वहां पर उपस्थित धात्री महिलाओं को प्रेरित किया। कहा कि बच्चों को जन्म से छह माह तक केवल मां का ही दूध पिलाएं। जेंडर विशेषज्ञ बंदना ठाकुर ने कहा कि मां का पहला गाढ़ा दूध बच्चों को रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रदान करता है। इस मौके पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।