हमीरपुर। सात सितंबर से ऑनलाइन शुरू होने वाली स्कूली छात्रों की ऑनलाइन परीक्षा की तैयारी शिक्षा विभाग ने लगभग पूरी कर ली है। इस दौरान इस पहली तिमाही की परीक्षा के लिए ऑनलाइन भेजे गए प्रश्नपत्रों को खोलने का ट्रायल भी सफल रहा है। छात्रों को प्रश्नपत्र खोलने के लिए मिले पासवर्ड के आधार पर उन्होंने ट्रायल के रूप में भेजे प्रश्नपत्र को खोला। अब छात्र सात सितंबर से होने वाली परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों को खोलने के लिए तैयार हैं। वहीं ऐसे छात्र जो संसाधनों या नेटवर्क की कमी के कारण ऑनलाइन कक्षाओं में नहीं जुड़ पाए हैं, उन्हें शिक्षा विभाग घर द्वार प्रश्न पत्र पहुंचाएगा।
ऐसे छात्रों को उनके अध्यापक प्रश्न पत्र देंगे। इसके बाद छात्र घर पर परीक्षा देंगे। हालांकि प्रश्न पत्र खोलने के लिए ट्रायल जिले में बीते तीन दिन से चल रहा है। छात्रों निशांत शर्मा, अभिनव शर्मा, मिष्ठी, अंकिता आदि ने कहा कि उन्हें पासवर्ड से प्रश्नपत्र खोलने में दिक्कत नहीं आ रही है। अध्यापक पिछले कुछ दिनों से रोजाना ग्रुप में ऐसे प्रश्नपत्र भेजकर अभ्यास करवा रहे हैं। एक स्कूल के सभी छात्रों का एक ही पासवर्ड मिला है। इस संबंध में उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा दिलबर जीत चंद्र का कहना है कि छात्रों को प्रश्नपत्र खोलने का ट्रायल करवाया गया है। अभी तक कहीं से इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। जो छात्र ऑनलाइन नहीं जुड़े हैं उन्हें अध्यापक घर पर प्रश्न पत्र पहुंचाएंगे।