हमीरपुर/बड़सर। बैंक लोन की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार पंजाब नेशनल बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक को शनिवार को पुलिस ने बड़सर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुट गई है। इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है। शुक्रवार को कांगड़ा जिले से गिरफ्तार आरोपी पूर्व बैंक अधिकारी को पुलिस गिरफ्तार करके हमीरपुर ले आई थी। आरोपी की पहचान प्रीतम सिंह निवासी गांव बल्ल डाकखाना नांदेहड़ तहसील और जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
प्रीतम सिंह पूर्व में हमीरपुर जिला के उपमंडल बड़सर के अंतर्गत आती पंजाब नेशनल बैंक की शाखा हरसौर में शाखा प्रबंधक रह चुका है। शाखा प्रबंधक के पद पर सेवाएं देते हुए उन्होंने जसविंदर सिंह का बैंक में बचत खाता खोला था। इसके बाद शाखा प्रबंधक ने 50,000 रुपये और 6 लाख रुपये की रकम के दो अलग-अलग लोन खाते जसविंदर सिंह के खोले थे। लेकिन, जसविंदर सिंह के बजाय किसी दूसरे व्यक्ति को यह राशि आवंटित कर दी। इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ जब जसविंदर सिंह को बैंक लोन की रिकवरी के नोटिस आए। जसविंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व बैंक मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। उधर, उपपुलिस अधीक्षक बड़सर जसवीर ठाकुर ने बताया कि आरोपी पूर्व बैंक मैनेजर को न्यायालय से तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। मामले की जांच चल रही है।