सीसीटीवी कैमरों से भी रखी जाएगी निगरानी
हमीरपुर। एसडीएम एवं विधानसभा क्षेत्र 38-हमीरपुर के निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार सोनी ने बताया कि 10 जुलाई को मतदान के बाद ईवीएम और वीवीपैट को बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर के कमरा नंबर 210 और 211 में स्थापित स्ट्रांग रूम्स में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा जाएगा।
इसके अलावा स्ट्रांग रूम्स के गेटों और इसके आसपास के गलियारे की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनकी 24 घंटे लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। इसके डिसप्ले के लिए स्कूल के प्रवेश द्वार के साथ ही एक बड़ी स्क्रीन लगाई जा रही है। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी उम्मीदवार स्वयं या उनके अधिकृत एजेंट सीसीटीवी लाइव स्ट्रीमिंग डिसप्ले स्क्रीन की निगरानी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए अधिकृत एजेंटों के पास सभी आवश्यक दस्तावेज होने चाहिए।