राहगीरों के साथ-साथ अन्य वाहन चालक भी हो रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। कैहरवीं चौक में प्रतिदिन लग रहा जाम मरीजों के साथ-साथ अन्य राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। अस्पताल की ओर जाने वाले वाले मरीज भी अस्पताल देरी से पहुंच रहे हैं। इससे उनका दर्द और बढ़ रहा है। जिन कर्मियों पर इस जाम को हटाने का जिम्मा है, वह अपनी ड्यूटी करने में कोताही बरत रहे हैं। स्थानीय लोगों के साथ-साथ दुकानदारों ने प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग उठाई है। कैहरवीं चौक में जहां रोजाना प्रतिदिन हजारों यात्री हमीरपुर, जाहू और भोटा से टौणी देवी के लिए यात्रा करते हैं। यहां पर जाम की स्थिति इतनी गंभीर बन जाती है कि रोजाना सफर करने वाले लोगों को आधा घंटा जाम से जूझना पड़ता है। बीच सड़क पर कई लोग गाड़ी खड़ी करके चले जाते हैं। इससे अन्य वाहन मालिकों को गाड़ी निकालने में दिक्कतें आती हैं। उन्हें इस दौरान गाड़ी की गति बहुत धीमी करनी पड़ती है, जिस कारण हल्का जाम लग जाता है। जाम की स्थिति धीरे-धीरे बड़े जाम में तबदील हो जाती है। कुछ दिन पहले भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जब एक नवविवाहित जोड़े की गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी थी। इस गाड़ी के कारण भी लोगों को अपनी गाड़ियां निकालने में काफी दिक्कतें आई। इस गाड़ी के नंबर प्लेट वाले स्थान पर नंबर के बजाय वेडिंग कपल लिखा गया था। इस गाड़ी के अलावा और भी कई गाड़ियां रोजाना खड़ी रहती हैं। उपभोक्ता भी अपनी गाड़ी को खड़ी करके खरीदारी के लिए चले जाते हैं। पैदल चलने वाले लोग भी काफी परेशान होते हैं। इस स्थिति में दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती हैं। स्थानीय लोगों और दुकानदारों में कुलदीप शास्त्री, राजकुमार आदि ने प्रशासन से आग्रह किया है कि यहां पर होमगार्ड जवान की तैनाती की जाए ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके। वहीं, कैहरवीं पंचायत के प्रधान गौरव शर्मा ने कहा कि यहां पर लगातार जाम लगा रहता है। शीघ्र ही प्रशासन से इस समस्या को उठाया जाएगा।