ग्राम पंचायत भकेड़ा में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित मुख्यातिथि एवं अन्य। संवाद
जाहू (हमीरपुर)। उप मंडल भोरंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत भकेड़ा पंचायत के गदड़ू और चमयोग गांव में मंगलवार को स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं भोरंज एसडीएम संजय स्वरूप रहे। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रित देश है। इस लोकतांत्रित व्यवस्था के पीछे मतदाताओं का सबसे बड़ा योगदान है।
चुनावों में मतदाताओं की अधिक से अधिक भागीदारी हो चुनाव आयोग ने स्वीप कार्यक्रम शुरू किया है। उन्होंने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र के 10 बूथों में लोकसभा एवं विधानसभा के चुनावों में 70 फीसदी से कम मतदान हुआ है। इसलिए क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूल व कॉलेज मतदाता साक्षरता क्लबों, महिला मंडल, युवकों मंडलों और पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है, ताकि एक जून को लोकसभा चुनाव में लोग अधिक से अधिक मतदान करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के निर्माण के लिए सभी मतदाता जाति, धर्म, समुदाय और क्षेत्र विशेष से ऊपर उठकर निष्पक्षता के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इसी तरह पहली अप्रैल को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा चार मई तक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाएं तथा एक-एक वोट सफल लोकतंत्र के लिए मजबूती के लिए दें।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी कुलवंत सिंह व स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं रावमापा बधानी के प्रधानाचार्य अनिल डोगरा, महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक अभिषेक ठाकुर, पंचायत प्रधान कमलेश कुमार व अन्य उपस्थित रहे।