हमीरपुर। उपायुक्त हरिकेश मीणा की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर में संविधान दिवस पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की शपथ और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी प्रदान की गई। सभी उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने शपथ ली कि हमारा आचरण भारत के संविधान के मुताबिक होगा। यह भी शपथ ली कि हम भारतीय संविधान में लिखित उसूलों पर चलेंगे और कभी भी ऐसा काम नहीं करेंगे जो हमारे संविधान के विरुद्ध हो। उपायुक्त ने कहा कि संविधान सभा में 26 नवंबर 1949 को हमारे संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया गया था और आज इसके 70 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इस उपलक्ष्य में सरकार के दिशा-निर्देशों अनुसार प्रदेश सहित हमीरपुर जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त 26 नवंबर से आगामी 14 अप्रैल 2020 तक ग्राम पंचायतों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 28 नवंबर से 15 दिसंबर 2019 तक प्रत्येक ग्राम पंचायत के वार्ड स्तर पर उप ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। 22 दिसंबर 2019 को विशेष पंचायत बैठकों का आयोजन कर पंचायत क्षेत्र के महिला मंडल सदस्यों को संविधान की शपथ दिलाई जाएगी। 12 जनवरी 2020 को पंचायतों की विशेष बैठकों में युवक मंडल सदस्यों को संविधान की शपथ दिलाई जाएगी। 23 फरवरी 2020 को होने वाली विशेष पंचायत बैठकों में स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को यह शपथ दिलाई जाएगी। 22 मार्च 2020 को पंचायत मुख्यालयों में मौलिक कर्तव्यों की जानकारी के लिए रैली का आयोजन तथा 12 अप्रैल 2020 को ग्राम पंचायत स्तर पर इसी विषय पर प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 14 अप्रैल, 2020 को भीम राव आंबेडकर की जयंती समरसता दिवस के रूप मनाई जाएगी और उनके जीवन दर्शन और विचारों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त रतन गौतम, सहायक आयुक्त राजकिशन, उपमंडलाधिकारी (ना.) डॉ. चिरंजी लाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।