टाउन हॉल हमीरपुर में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को जानकारी देते हुए आयुक्त राकेश शर्मा
हमीरपुर। नगर निगम कार्यालय परिसर टाउन हॉल में बुधवार को लोक कल्याण मेला आयोजित किया गया। निगम के आयुक्त राकेश शर्मा ने मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगोें से ऋण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयुक्त राकेश शर्मा ने बताया कि लोक कल्याण मेले का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है, ताकि पात्र एवं जरूरतमंद लोग इसका लाभ उठा सकें। स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-फड़ी धारकोंं के लिए सात फीसदी सब्सिडी के साथ 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये के ऋण का प्रावधान किया गया है।
विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी तथा डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने की अपील की। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अंगीकार अभियान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। गरीब लोगों को नया पक्का मकान बनाने के लिए 2.50 लाख रुपये की राशि सरकार द्वारा दी जाती है।
लोगों को प्रधानमंत्री सूर्या घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक से अनिल कुमार, मेहर सिंह, वनिता, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से प्रदीप कुमार और नगर निगम की तरफ से प्रिया, राकेश शर्मा, अभिषेक शर्मा उपस्थित रहे।