हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में बिजली बाधित होने पर लिफ्ट बंद होने की समस्या से मरीजों और तीमारदारों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। लिफ्ट के बैकअप सिस्टम के लिए चार बैटरियां मेडिकल कॉलेज पहुंच गई हैं।
अब इन्हें लिफ्ट सिस्टम से जोड़ने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। बैटरी बैकअप शुरू होने के बाद बिजली गुल होने की स्थिति में भी लिफ्ट का संचालन जारी रखा जा सकेगा।
मेडिकल कॉलेज में अल्ट्रासाउंड कक्ष के समीप लगी लिफ्ट बिजली बाधित होने पर अक्सर बंद हो जाती थी। इससे मरीजों को एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक आने-जाने में परेशानी होती थी।
बुजुर्गों, गंभीर मरीजों और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को लिफ्ट बंद होने पर अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ता था। चार बैटरियां पहुंचने के बाद बैकअप व्यवस्था जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इससे बिजली कटौती के दौरान लिफ्ट के बंद होने की समस्या से मरीजों को राहत मिलेगी।
कोट
बैटरी बैकअप शुरू होने से बिजली बाधित होने के दौरान मरीजों को ऊपरी मंजिल तक पहुंचने और नीचे आने में सहूलियत मिलेगी। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं।
-डॉ. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर