हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम हमीरपुर डिपो की हमीरपुर से चंडीगढ़ जा रही बस से इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन गायब हो गई है। इसके साथ ही रूट पर जा रहे निगम के चालक और परिचालक में भी बहसबाजी हो गई। बस ऊना अड्डे में रुकी थी, इसके बाद कंडक्टर बस से उतरा, लेकिन यात्रियों के कहने पर चालक बस को रूट पर आगे ले गया, जबकि कंडक्टर बस के बाहर ही रह गया। आगे बैरियर के पास चालक को परिचालक के न होने का आभास हुआ तो उसने बस को रोककर उसका इंतजार किया। इस पर दोनों में बहस हो गई।
कंडक्टर का कहना है कि इस दौरान टिकट मशीन भी कहीं गुम हो गई। चंडीगढ़ से हमीरपुर वापसी पर कंडक्टर ने यात्रियों को मेन्युअल टिकटें दीं। मशीन के गायब होने से टिकटों के तौर पर प्राप्त कैश भी मेल नहीं खा रहा। चूंकि, इलेक्ट्रानिक मशीन से ही अंत में कुल टिकटों की रसीद निकलती है। बस में सवार सवारियों के बस किराये और गंतव्य की जानकारी नहीं मिल पाई। इसकी सूचना मिलते ही क्षेत्रीय प्रबंधक ने चालक और परिचालक को शनिवार दोपहर को हमीरपुर स्थित आरएम कार्यालय तलब किया। विभाग ने इस मामले की जांच बैठा दी है। शुक्रवार सुबह हमीरपुर से सुबह आठ बजे चंडीगढ़ को जाने वाली बस की टिकट मशीन गायब हो गई। कंडक्टर और चालक के बीच बहस होने से जहां सवारियों को दिक्कत हुई वहीं, बस भी गंतव्य के लिए देरी से रवाना हुई। क्षेत्रीय प्रबंधक हमीरपुर विवेक लखनपाल का कहना है कि चालक और परिचालक को कार्यालय में बुलाया गया व उनके बयान लिए गए। बस चालक और परिचालक में बहस हुई है। इस बीच परिचालक ने टिकट मशीन गुम कर दी है। उन्होंने कहा कि मशीन की जिम्मेवारी परिचालक की थी। इस संबंध में कार्यालय अधीक्षक की अगुवाई में जांच टीम बनाकर मामले की जांच बैठाई गई है।