हमीरपुर। गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल बडू का वार्षिक समारोह शुक्रवार को मनाया गया। वार्षिक उत्सव में कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्यातिथि थे। समारोह में नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। मुख्यातिथि ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही है। विद्यार्थियों के हित में कड़े फैसले ले रही है।
समारोह में नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक नन्हें-मुन्ने बच्चों ने बम्म-बम्म भोले गीत, सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर एक लघु नाटक और कई अन्य शानदार प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही लूटी। उप प्रधानाचार्य निर्मला वर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रधानाचार्य हाकम सिंह वर्मा ने भी बच्चों को प्रोत्साहित किया और मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर समस्त स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।