बिजली के अघोषित कटों से हमीरपुर के बाशिंदे खासे परेशान हो गए हैं। बिजली बोर्ड आए दिन बिना किसी सूचना के बिजली आपूर्ति बंद कर लोगों को परेशान कर रहा है।
शुक्रवार सायं साढ़े छह बजे भी बिजली बोर्ड ने बिना किसी सूचना के कट लगा दिया। बत्ती गुल होते ही गांधी चौक हमीरपुर से लेकर हथली खड्ड तक पूरे बाजार में हाहाकार मच गया।
सायं के समय लोग अपने घरों से निकलते हैं, जिसके चलते कारोबारियों को सामान बिकने की उम्मीद होती है। लेकिन शुक्रवार सायं अचानक बिजली आपूर्ति बाधित होने से कारोबारियों की सामान की बिक्री की उम्मीद धराशायी हो गई। साथ ही सामान को समेटने का समय तक भी नहीं मिला। इसके साथ ही शहर में स्ट्रीट लाइटों के सहारे सब्जियां आदि बेचने वाले रेहड़ी-फड़ी वाले भी अंधेरे में परेशान हुए।
हमीरपुर शहर के आसपास के इलाकों में भी बिजली आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी। सायं साढे़ सात बजे खबर लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। उधर, बिजली बोर्ड हमीरपुर के एक्सईएन अशोक शर्मा ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के बारे में ट्रांसमिशन विभाग ही जवाब दे सकता है। चूंकि बिजली उन्होंने बंद की है। वहीं हिमाचल प्रदेश ट्रांसमिशन विभाग के एक्सईएन केके भारद्वाज ने कहा कि शुक्रवार को पावर कट था, लेकिन कुछ काम अधूरा रह गया। जिसके चलते साढ़े छह बजे कट लगाना पड़ा।