हमीरपुर। मूसलाधार बारिश से जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ब्यास नदी सहित जिलाभर में खड्डें उफान पर हैं।
वहीं, सुजानपुर के खैरी पंचायत के बल्लह गांव में जलभराव के साथ ही जिले में भूस्खलन, डंगे ढहने, मकान और गोशालाएं, सड़कें, बिजली के ट्रांसफार्मर और खंभे और पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त होने से करीब 24 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
जिले में करीब 33 सड़क मार्ग बाधित हुए थे। इनमें 28 टौणी देवी लोक निर्माण विभाग के तहत आते हैं। विभाग की ओर से 20 सड़क मार्गों को यातायात के लिए शाम तक बहाल कर दिया गया है। वहीं, 24 घंटे में लोक निर्माण विभाग को करीब सात करोड़ 70 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आलमपुर पुल पर सुबह 6:30 बजे कीचड़ वाला पानी आने के कारण सुजानपुर-पालमपुर मार्ग भी बाधित हो गया था। करीब आधे घंटे के बाद मार्ग बहाल हो गया। सुजानपुर-संधोल मार्ग भी भू-स्खलन और पत्थर गिरने के कारण बंद हो गया था, जिसे दोपहर तक बहाल कर लिया गया है। खिड़की के पास भूस्खलन होने के कारण सुजानपुर-नादौन मार्ग भी डेढ घंटे बंद रहा है। सुबह ही मार्ग बंद हो गया था। यह मार्ग 10:30 बजे बहाल हुआ है।
हमीरपुर टाउन सहित जिलेभर में गहरा सकता है जलसंकट
बारिश के कारण हमीरपुर टाउन की पेजयल योजना, बमसन-लगवाल, नादौन, बड़सर क्षेत्र की योजनाओं सहित कुल 133 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। जिला की 189 योजनाओं में से 133 पेजयल योजनाएं प्रभावित होने से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा। 24 घंटे में जल शक्ति विभाग को 15 करोड़ का नुकसान हुआ है। अधिकतर पंप हाउस में कीचड़ वाला पानी आ गया है। इस कारण पानी लिफ्ट नहीं हो रहा है। कई जगह पोल गिर गए हैं। इस कारण भी स्कीमों से पानी नहीं उठाया जा रहा है। पानी का जल स्तर कम होने के बाद ही पानी घरों तक पहुंचेगा।
दर्जनों पंचायतों में ब्लैकआउट
बारिश के कारण बिजली बोर्ड ने 24 घंटों में करीब 40 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया है। अन्य नुकसान का आकलन किया जा रहा है। बिजली गिरने सहित अन्य कारणों से आठ ट्रांसफार्मर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। इनमें नादौन के छह और बड़सर के दो ट्रांसफार्मर शामिल हैं। जिले में 109 बिजली खंभे गिरे हैं। हमीरपुर में 66, नादौन में 39 और बड़सर में चार खंभे शामिल हैं। बिजली के तार टूटने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। हालांकि बोर्ड के कर्मी बिजली सेवाएं बहाल करने में जुटे हैं। वहीं, बिजली के तार टूटने और पेड़ गिरने के कारण 378 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। इनमें 154 ट्रांसफार्मर बड़सर के, नादौन के 97 और हमीरपुर के 197 शामिल हैं। इनमें अधिकतर ट्रांसफार्मर बहाल हो गए हैं। मात्र 18 ट्रांसफार्मर ही शेष बचे हैं।
कोट
लोक निर्माण विभाग को 24 घंटे में करीब सात करोड़ 70 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। 33 मार्ग बाधित हुए, जिनमें 20 से अधिक मार्ग बहाल हो गए हैं।
-विजय चौधरी, एसई, लोक निर्माण विभाग, हमीरपुर
बारिश के कारण कुल 133 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। 24 घंटे में जल शक्ति विभाग को 15 करोड़ का नुकसान हुआ है। विभाग पेयजल योजनाओं को बहाल करने में जुटा है।
-नीरज भोगल, एसई, जल शक्ति विभाग, हमीरपुर
बिजली के तारे टूटने और पेड़ गिरने के कारण 378 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। अधिकतर बहाल हो गए हैं। मात्र 18 ट्रांसफार्मर ही शेष बचे हैं। आठ ट्रांसफार्मर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
-आशीष कपूर, एसई, बिजली बोर्ड, हमीरपुर
सुजानपुर में तीन दिन से जलापूर्ति ठप
सुजानपुर (हमीरपुर)। जल शक्ति विभाग उपमंडल सुजानपुर के तहत कुल पेजयल और सिंचाई की 36 योजनाएं हैं। इनमें 18 योजनाएं प्रभावित हैं, जिसमें 11 पेजयल और 7 सिंचाई योजनाएं हैं। लोगों को आगामी दिनों में पानी के संकट का सामना करना पड़ेगा। यहां पर लोगों ने प्राकृतिक जल स्रोतों का रुख करना शुरू कर दिया है। लोग घरों के लिए टैंकों से पानी मंगवाकर भी अपनी ज़रूरत पूरी कर रहे हैं। तीन दिन से नलों में पेयजल की सप्लाई ठप हो गई है।
घर में पानी घुसने पर 1100 नंबर पर की शिकायत
बड़ा (नादौन)। ग्राम पंचायत बड़ा के सरूह गांव के संजय कुमार के घर में दो दिनों से पानी घर के अंदर घुस रहा है। संजय कुमार बड़ा सोयाइटी में कार्यरत्त हैं। उन्होंने बताया कि यहां पर पानी की निकासी की समस्या है। संजय ने 1100 नंबर पर शिकायत कर दी और न्याय की मांग की है।
बॉक्स
इनके घरों और गोशालाओं को पहुंचा नुकसान
हमीरपुर। बारिश दो पक्के घर के हिस्से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसमें साढे़ तीन लाख का नुकसान है। वहीं एक कच्चे घर में करीब 50 हजार के नुकसान का अनुमान है। वहीं छह डंगे टूटने से करीब साढे़ तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। चार गौशालाओं के टूटने से करीब 2 लाख 53 हजार का नुकसान है। गांव नौहंगी में गुरध्यान सिंह का पक्का घर टूटा है। इसमें करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गांव बराड़ा के विजय कुमार की गोशाला गिरने से 50 हजार, गांव मट्टी के विकास की गोशाला को करीब तीन हजार का नुकसान हुआ है। पटनौण के प्रवीण कुमार की गोशाला में करीब एक लाख का नुकसान, इसी गांव में परषोतम दास की गोशाला को नुकसान हुआ है। इसमें एक लाख के नुकसान का अनुमान है। सिहाल में अनु देवी का डंगा गिरने से 50 हजार, गांव थाना के रघुनाथ में डंगा गिरने से 50 हजार, पटनौण की निर्मला देवी के डंगा गिरने से 60 हजार, गांव नौहंगी के विनोद कुमार का डंगा टूटने से 70 हजार, गांव लोहारड़ा के अमित कुमार का डंगा टूटने से 70 हजार और गांव बमसन में सुनील कुमार का डंगा टूटने से 50 हजार का नुकसान हुआ है। वहीं 24 घंटें में बागवानी विभाग को दो लाख 17 हजार का नुकसान हुआ है।
सचित्र
मूसलाधार बारिश से समीरपुर पंचायत में दो घरों की दीवारें ढही
अवाहदेवी (हमीरपुर)। लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलधार बारिश के चलते समीरपुर पंचायत में दो घरों की दीवारें ढह गई। समीरपुर गांव की निवासी नुरां देवी पत्नी स्व. धर्म सिंह के पुराने मकान में हुआ। भारी बारिश के कारण दीवार गिर गई। गांव संगरोह खुर्द का है, जहां बीपीएल श्रेणी की कांता देवी पत्नी स्व. धर्म चंद का हाल ही में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बना घर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। घर की दीवार गिरने के दौरान कांता देवी और उनका बेटा रवि कुमार घर में मौजूद थे। दोनों सुरक्षित बच गए हैं। पंचायत प्रधान ठाकुर चंद्रमोहन सिंह मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया
बारिश से समीरपुर पंचायत में दो घरों की दीवारें ढही। स्रोत : जागरूक पाठक
पेड़ गिरने से पांच घंटे बाधित रही जोल-कोहटा व अमरोह सड़क
जाहू (हमीरपुर)। लोक निर्माण विभाग उप मंडल भरेड़ी अनुभाग की दो सड़कें बाधित हो गई। भरेड़ी से सुलगवान वाया जोल-कोहटा पर चीड़ का पेड़ गिर गया। भरेड़ी से अमरोह वाया बुंग्गा मंदिर सड़क पर चीड़ का पेड़ गिरने के पांच घंटे तक वाहनों की आवाजही पूरी तरह से बंद रही। यह सड़क कांगु दा गल्लू व चंबोह को भी जोड़ती है। लोगों को आने जाने के लिए बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी मशीन से चीड़ के पेडों को सड़क ये हटाया और वाहनों की आवजाही शुरू की। बारिश होने के कारण सड़कें व धान और मक्की के खेत तलाब बन गए हैं। भरेड़ी से तताहर सड़क पर गरसाहड़ के फगलोट पुल तक सड़क के खड्ड का रूप धारण किया है। नालियों के अभाव के कारण बारिश व खेतों का पानी सड़क पर बह रहा है। लोक निर्माण विभाग अनुभाग भरेड़ी के कनिष्ठ अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि तीन जेसीबी मशीनों को फिल्ड में लगाया गया है। बंद हुई दोनों सड़कों को खोल दिया गया है। सड़क के किनारे नाली बनाने के लिए लोग सहयोग नहीं कर रहे हैं।
सचित्र
टौणी देवी पाठशाला के पीछे हुआ भूस्खलन
टौणी देवी (हमीरपुर)। बारिश के बीच राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी गंभीर संकट उत्पन्न हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में लगी कंपनी की लापरवाही के चलते स्कूल भवन के ठीक पीछे भूस्खलन हो गया है। इससे स्कूल की पिछली दीवार से सटा मलबे का बड़ा ढेर जमा हो गया है। इससे भवन की संरचनात्मक सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो गया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने बताया कि यह स्थिति अचानक नहीं बनी है। पहले भी दो बार जिलाधीश को लिखित शिकायत भेजी जा चुकी है। इसके साथ ही कंपनी के उच्चाधिकारियों को भी बार-बार सूचित किया गया। परंतु आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सड़क किनारे बनाई जा रही नाली का निर्माण भी बिना सुरक्षा डंगे के शुरू कर दिया गया था, जो तकनीकी रूप से खतरनाक है। इससे निकला मलबा सीधा विद्यालय भवन के पीछे डाला जा रहा था। इससे भारी बारिश के दौरान जल बहाव के साथ वह मलबा स्कूल भवन से आकर टकरा गया। एक लिखित शिकायत पुलिस चौकी में भी दर्ज करवाई गई थी। कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने प्रशासन से पुनः अपील की है कि विद्यालय की सुरक्षा को प्राथमिकता पर लिया जाए।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी के भवन के पीछे हुआ भूस्खलन। स्रोत : जागरूक पाठक
औद्योगिक क्षेत्र में घुसा पानी, हुआ नुकसान
नादौन (हमीरपुर)। दो दिन से हो रही बरसात के कारण क्षेत्र के कई स्थलों पर काफी नुकसान हुआ है। बरसात के कारण व्यास नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नदी में आई बाढ़ को देखने के लिए दिनभर लोगों का तांता लगा रहा। औद्योगिक क्षेत्र मार्ग पर पानी आ जाने से इंडस्ट्री एरिया में उद्योगों को काफी नुकसान हुआ। बेला में पेड़ गिर जाने से बिजली बोर्ड के तीन खंभे टूट गए। सुबह से बेला में बिजली बाधित हो गई। वहीं पतन बाजार से गुरुद्वारा की तरफ जाने वाला मार्ग जो कि पहले से ही क्षतिग्रस्त था, अब और ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गया है। बारिशों के चलते एनएच पर केंद्रीय विद्यालय के सामने अग्निशमन विभाग के कार्यालय के प्रांगण में बारिश का पानी आ जाने से वहां पर चलना फिरना मुश्किल हो गया है।
बेला में पेड़ गिरने बिजली आपूर्ति हुई बाधित। स्रोत : जागरूक पाठक
वार्ड नंबर ढह में बही सड़क, चमिराणा में घर को खतरा
सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानुपर के वार्ड नंबर छह के बल्ला राठिया गांव सड़क बह गई है। वार्ड की सदस्य सुनीता देवी ने बताया कि किसी बीमार को गाड़ी से ले जाना हो तो गाड़ी लोगों के घरों तक नहीं पहुंच पाएगी। वार्ड चार में भी रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं, पंचायत चमियाणा में डंगा ढहने से सागरो देवी के मकान को भी खतरा बना हुआ है। रेलिंग को भारी नुकसान पहुंचा है। पंचायत धमिडयाणा में ब्रह्म दास के मकान को डंगा ढहने से नुकसान पहुंचा है।