भोरंज में अघोषित बिजली कटों से लोग परेशान
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज में आए दिन लग रहे अघोषित बिजली कटों से लोग परेशान हैं। सोमवार सुबह भी 11 से दो बजे तक बिजली बंद रही। बिजली बंद होने से बस्सी बाजार में सारे काम ठप रहे। अस्पताल में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई, जिस कारण मरीज भी परेशान हुए। ग्रामीणों ने कहा कि कुछ दिन से भोरंज क्षेत्र में आए दिन बिजली की आंख मिचौली चल रही है। उन्होंने बिजली बोर्ड से आग्रह किया है कि बिजली के कट की पूर्व सूचना दी जाए, ताकि लोग अपनी व्यवस्था कर सकें। बिजली बोर्ड भोरंज के एसडीओ अनुराग चंदेल ने कहा कि बिजली लाइनों की मरम्मत का कार्य चला हुआ है, इस कारण बिजली के कट लग रहे हैं।