भोरंज (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र भोरंज के पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। हालांकि उन्होंने इस बात का खुलासा नहीं किया कि वे किस पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। भोरंज में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में चुनाव न लड़ने का निर्णय उन्होंने व्यक्तिगत और राजनीतिक कारणों की वजह से लिया था। लेकिन अब वे किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए वे तैयारी शुरू कर चुके हैं। डॉ. अनिल धीमान पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय आईडी धीमान के बेटे हैं और उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में एक बार विधायक भी रह चुके हैं। वर्ष 2017 में उन्हें टिकट नहीं मिल पाई थी और यहां से कमलेश कुमारी भाजपा की टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। डॉ. अनिल धीमान ने कहा कि भोरंज से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।