नादौन (हमीरपुर)। भाजपा मंडल नादौन ओबीसी मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री से मिला। मोर्चा के मंडलाध्यक्ष सुरेश चौधरी की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने इस वर्ग की समस्याओं के बारे अग्निहोत्री से विस्तृत चर्चा की। सुरेश चौधरी ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को विभिन्न शिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए लागू नहीं किया गया है। जिसे शीघ्र लागू करवाया जाए। यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन ने विश्वविद्यालय को इसे लागू करने के आदेश पारित किए हैं। चौधरी ने कहा कि पिछड़े वर्ग एवं समाज के संवैधानिक अधिकारों की पूर्ति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग भाजपा सरकार में विश्वास व्यक्त करता है और आगे भी भाजपा के साथ खड़ा रहेगा। इस अवसर पर मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष प्रीतम चौधरी, विजय चौधरी, राजेश चौधरी, राजकुमार, रमेश चौधरी, वीरेंद्र चौधरी व राकेश सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।