गलोड़ में डिफाल्टर बिजली उपभोक्ताओं की टीडीसी सूची की जानकारी देता कर्मचारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
गलोड़ (हमीरपुर)। बिजली उपमंडल गलोड़ के तहत बोर्ड के करीब ढाई लाख रुपये डिफाल्टर उपभोक्ताओं के पास फंसे हुए हैं। रविवार से बिजली बोर्ड ने ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के नोटिस जारी कर दिए हैं। नोटिस जारी होते ही कर्मचारी फील्ड में डट गए हैं। जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल पांच सौ रुपये से ज्यादा होता है और बोर्ड की ओर से तय समय में बिल अदा नहीं किया जाता है तो बोर्ड ऐसे उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना (टीडीसी) के अस्थायी रूप से ही काट देता है। रविवार को गलोड़ उपमंडल के तहत 111 उपभोक्ताओं को टीडीसी के नोटिस जारी किए गए।
बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं से बिल के रूप में 2.30 लाख रुपये लेने हैं। जिन उपभोक्ताओं का कनेक्शन कट जाता है उन्हें दोबारा आपूर्ति बहाल करने के लिए 250 रुपये शुल्क भरना पड़ता है। बिजली बोर्ड ने बिल भरने के लिए पांच नवंबर तक का समय दिया था। इसके अलावा दो सप्ताह की मोहलत और दी थी लेकिन डिफाल्टरों ने बिल जमा नहीं करवाए हैं।
अब इन 111 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के लिए नोटिस जारी हो गया है। बिजली उपमंडल गलोड़ के सहायक अभियंता संजय कुमार ने कहा कि बोर्ड अपने स्तर पर भी पांच-दस दिन बिल जमा करवाने के लिए देता है। यदि फिर भी उपभोक्ता बिल न भरें तो उन्हें टीडीसी ऑर्डर कर दिया जाता है। बोर्ड ने 2.30 लाख लेने हैं।