भोरंज(हमीरपुर)। हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ ने प्रदेशाध्यक्ष को जारी कारण बताओ नोटिस वापस लेने की मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार, महासचिव राजेश गौतम, वित्त सचिव हेमलाल, महिला विंग अध्यक्ष पवन बाला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमलराज, एनपीएस विंग उपाध्यक्ष हाकम चंद, संयुक्त सचिव अजय कुमार, प्रदेश सहसचिव रिपन परमार और समस्त खंडों के प्रधान लुद्दर दत्त, किरण कुमार, पंकज शर्मा, रितेश शर्मा और जिला कार्यकारिणी ने कहा है कि संघ के प्रदेशाध्यक्ष विरेंद्र चौहान ने हिमाचल शिक्षा बोर्ड से 10वीं और 12वीं परीक्षाओं के परिणाम के लिए दर्शाए मापदंडों पर पुनर्विचार करने के लिए मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और शिक्षा विभाग से कुछ आपत्तियां जाहिर की थी। कोरोना काल में व्यक्तिगत रूप से आपत्तियों से संबंधित ज्ञापन सौंपना संभव नहीं था। इसके लिए कारण बताओ नोटिस जारी करना संगठन के मौलिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की आजादी का हनन है। हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ जिला हमीरपुर इकाई उच्च शिक्षा निदेशक से आग्रह करती है कि इस प्रकार के कारण बताओ नोटिस को वापस लिया जाए।