टौणीदेवी (हमीरपुर)। एनएच तीन के निर्माण कार्य में ढील बरतने से वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनवरी में कोट क्षेत्र के पास एनएच का करीब 20 मीटर हिस्सा गिर गया था। इस गिरे हिस्से को एनएच प्राधिकरण अभी तक ठीक नहीं कर पाया है। तेज बारिश में यह मार्ग कभी भी बाधित हो सकता है।
एनएच तीन के निर्माण कार्य में जुटी निजी कंपनी अप्रैल माह के अंत में बिगड़ी व्यवस्था को ठीक करने का हवाला दे रही है। मगर स्थानीय जनता और वाहन चालकों में खासा रोष है। एनएच कार्य में लगी निजी कंपनी तेजी से कार्य नहीं कर रही है। अटारी से लेह वाया अणु, टौणीदेवी, अवाहदेवी एनएच तीन का काम पिछले कई वर्षों से चल रहा है। जगह-जगह इस एनएच की हालत खस्ता है।
जनवरी में 20 मीटर भाग कोट स्टेशन के पास गिर गया था। इस कारण बड़े वाहनों की आवाजाही पूर्णत: ठप हो गई थी। यहां पर एनएच प्राधिकरण द्वारा बड़ा डंगा लगाया जा रहा है। इसकी बेतरतीब कटिंग से ही सड़क गिरी थी। उधर, साइट इंजीनियर सुशील कुमार ने कहा कि 30 अप्रैल तक इस हिस्से को पूरी तरह से ठीक कर दिया जाएगा। इसके बाद लोगों और वाहन चालकों को परेशानी नहीं होगी।